जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने महापौर रामू रोहरा से की सौजन्य मुलाकात

धमतरी।जिला अधिवक्ता संघ धमतरी के पदाधिकारियों ने नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर शहर के समग्र विकास, अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं तथा उनके निराकरण को लेकर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान अधिवक्ता संघ द्वारा तहसील कार्यालय धमतरी के पीछे स्थित शासकीय भूमि पर अधिवक्ताओं के वाहनों के लिए स्थायी शेड निर्माण की मांग रखी गई। महापौर रामू रोहरा ने शहर हित एवं अधिवक्ता हित को ध्यान में रखते हुए उक्त मांग को तत्काल स्वीकृति प्रदान की। इस निर्णय पर जिला अधिवक्ता संघ धमतरी ने महापौर का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हितों के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं, अधोसंरचना विकास एवं जनसमस्याओं की ओर भी महापौर का ध्यान आकर्षित किया। महापौर रोहरा ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और शहर के न्यायिक व सामाजिक ढांचे को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगर निगम द्वारा जनहित एवं विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। सौजन्य मुलाकात के दौरान जिला अधिवक्ता संघ की ओर से नीरज तिवारी, सचिन जाचक, तल्लीनपुरी गोस्वामी, संजय शुक्ला, पीयूष देवांगन, योगेश जगताप, कैलाश साहू, विजय तिवारी, तोरण तिवारी, राजेश सिन्हा, यदुनंदन सिन्हा, संदीप भारद्वाज, मुन्ना नेताम, अशोक सोलंके, मनोहर तारक, रामेश्वरी सपहा, माया महेश्वरी, महिला अधिवक्ता गण एवं गौरव सोलंके सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Recent Posts