शालेय बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन

धमतरी। सोरिद भाट स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शालेय बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा, जिससे विद्यालय परिसर पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम महापौर रामू रोहरा उपस्थित रहे, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन ने की। अतिथियों के आगमन पर विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें पारंपरिक एवं आधुनिक नृत्य, समूह गीत एवं एकल प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और जमकर तालियाँ बटोरीं। साथ ही विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सहयोग की भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं कला के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम होते हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में प्रोत्साहित करने की अपील की।समापन अवसर पर खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Recent Posts