कबीर ब्रह्मचारिणी आश्रम, पोटियाडीह धमतरी में आयोजित भव्य सत्संग समारोह में शामिल हुई भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू धमतरी- कबीर ब्रह्मचारिणी आश्रम, पोटियाडीह धमतरी में आयोजित भव्य सत्संग समारोह आध्यात्मिक चेतना, संत समागम और कबीर वाणी की अमृतधारा से सराबोर रहा। इस पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू ने पूज्य संत निष्ठा साहब सहित अनेक संत महात्माओं का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किए। सत्संग के दौरान संतों की वाणी से कबीर साहेब के उपदेशों का श्रवण कर उपस्थित श्रद्धालुओं ने आत्मिक शांति और प्रेरणा का अनुभव किया। कार्यक्रम में संतों ने कबीर साहेब के जीवन दर्शन, मानवता, सद्भाव और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि संतों का सान्निध्य और कबीर साहेब की वाणी जीवन को सही दिशा देने का कार्य करती है, कबीर साहेब ने कर्म, सत्य और मानवता को सर्वोपरि माना, उनका संदेश आज के भौतिकतावादी युग में और भी प्रासंगिक हो गया है। रंजना साहू ने आगे कहा कि कबीर वाणी हमें बाहरी आडंबर से दूर रहकर आत्मशुद्धि, प्रेम और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाती है, कबीर साहेब कहते हैं, बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय, जो दिल खोजा आपना, मुझसे बुरा न कोय। यह पंक्ति हमें आत्ममंथन और आत्मसुधार की प्रेरणा देती है। श्रीमती साहू ने संतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सत्संग समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और संस्कारों को मजबूत करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य अनीता मुकेश यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कबीर साहेब की वाणी नारी सशक्तिकरण, समानता और मानवीय मूल्यों की प्रेरक है, संतों का मार्गदर्शन हमें जीवन की कठिनाइयों में धैर्य और सद्बुद्धि प्रदान करता है, मातृशक्तियों को कबीर साहेब के विचारों से प्रेरणा लेकर परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, सत्संग जैसे आयोजनों से समाज में नैतिक चेतना और आपसी भाईचारे को बल मिलता है। इस सत्संग समारोह में भाजपा नेत्री रितिका यादव, सहित बड़ी संख्या में कबीर साहेब सत्संगी उपस्थित थे।







