महावीर इंग्लिश मीडियम स्कूल का 21वां वार्षिक समारोह सम्पन्न, शिक्षा के 38 वर्षों की उपलब्धियों का हुआ गौरवगान

बालोद— महावीर इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, बालोद द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत आयोजित 21वें वार्षिक समारोह के तहत 5 जनवरी 2026 को प्रथम दिवस का कार्यक्रम भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन श्री जैन मंडल, बालोद के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में सायं 5 बजे से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकेश कांवरडिया (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ दिव्यांग वित्त एवं विकास निगम) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महावीर इंग्लिश मीडियम स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में 38 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। वर्ष 1988 में स्थापित इस संस्था ने निरंतर प्रयासों, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से अनेक आयाम स्थापित किए हैं। आज इस विद्यालय के विद्यार्थी न केवल बालोद और छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में अपने प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों, दानदाताओं एवं प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि सीमित शुल्क में आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है और आने वाले समय में संस्था और अधिक प्रगति करेगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ताराचंद सांखला (अध्यक्ष, जैन श्री संघ बालोद) ने कहा कि शिक्षा ही समाज की मजबूत नींव है। महावीर इंग्लिश मीडियम स्कूल ने नैतिक मूल्यों के साथ आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों को संस्कारवान और आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है।

वहीं विशिष्ट अतिथि हरीश सांखला (जिला अध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स) ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिक्षा और संस्कार के संतुलन से ही एक सशक्त समाज का निर्माण होता है। यह विद्यालय वर्षों से इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां उनकी बहुआयामी प्रतिभा को दर्शाती हैं।
इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सिंधु उपाध्याय, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थितजनों ने खूब सराहा। आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण बाफना एवं सचिव इंदरचंद जैन ने अतिथियों, अभिभावकों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी दिवस के कार्यक्रम में भी सहभागिता की अपील की।







