सुरक्षित सफर- सुरक्षित जीवन का संदेश : धमतरी यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से की सावधानी बरतने की अपील एसपी धमतरी के निर्देशानुसार वर्तमान में घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए धमतरी पुलिस यातायात द्वारा चार पहिया वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। यातायात पुलिस ने कहा है कि घने कोहरे में दृश्यता (विजिबिलिटी) कम हो जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में सावधानी ही सुरक्षित सफर और सुरक्षित जीवन का सबसे मजबूत आधार है। धमतरी पुलिस यातायात द्वारा वाहन चालकों से निम्नलिखित सावधानियां अपनाने का आग्रह किया गया है—1 वाहन चलाते समय लो बीम लाइट का प्रयोग करें। 2 वाहन की गति सीमित रखें। 3 आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए शरखें। 4 ओवरटेकिंग से बचें। 5 विंडशील्ड एवं शीशे साफ रखें। 6 यदि कोहरा अत्यधिक हो और आगे दिखाई न दे तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें। 7 रुके हुए वाहन पर हैजर्ड लाइट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। 8 सड़क पर बनी मार्किंग/लेन का पालन करें। धमतरी पुलिस यातायात ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें।







