“पटवारियों का सब्र टूटा, 4 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन”

पटवारियों की 4 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पदोन्नति सहित लंबित मांगों के निराकरण की मांग, मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

बालोद :– राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ की 4 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला अध्यक्ष लोकेश कुमार के नेतृत्व में पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से तहसीलदार संध्या नामदेव को ज्ञापन सौंपा। संघ के अनुसार प्रदेशभर के पटवारी अपनी मांगों के निराकरण की मांग को लेकर 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर हैं।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से पटवारी संवर्ग से राजस्व निरीक्षक के पद पर विभागीय पदोन्नति सहित चार सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग की गई है। संघ ने कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और शासन की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद पटवारी संवर्ग की पदोन्नति की मांग लंबे समय से लंबित है।
संघ ने बताया कि पदोन्नति की मांग को लेकर पिछले 8 से 10 वर्षों से लगातार ज्ञापन, वार्तालाप एवं विभिन्न माध्यमों से शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं होने से प्रदेश के पटवारियों में निराशा है।


जिला अध्यक्ष लोकेश कुमार ने कहा कि पटवारी अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। उन्होंने शासन से मांगों का शीघ्र निराकरण करने की अपील की। लोकेश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पटवारी संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होगा।

Recent Posts