बालोद में पहली राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 — स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया ग्राम दुधली में भूमिपूजन व शुभंकर का अनावरण

बालोद :– बालोद जिले में इतिहास रचने जा रहा है। डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम दुधली में आगामी 09 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 का शुभारंभ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन के साथ किया। इस दौरान उन्होंने जंबूरी के राजकीय पशु ‘वन भैंसा’ पर आधारित शुभंकर तथा ‘विकसित युवा, विकसित भारत’ थीम पर आधारित लोगो का अनावरण किया।
कार्यक्रम में जंबूरी डायरेक्टर अमर क्षेत्री, भारत स्काउट-गाइड छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, डीपीआई डायरेक्टर ऋतुराज रघुवंशी, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, जिला पंचायत के सीईओ सुनील चंद्रवंशी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, राज्य एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्काउट-गाइड सदस्य शामिल रहे।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से 15 हजार से अधिक रोवर-रेंजर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री एवं राज्य के मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी जंबूरी युवाओं में अनुशासन, सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करती है। साथ ही उन्होंने आयोजन को सफल बनाने सभी से सहयोग की अपील की।
राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने जंबूरी की मेजबानी का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। पूर्व सदस्य, राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग यशवंत जैन ने आयोजन हेतु शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। राकेश यादव ने मातृभूमि बालोद को इस गौरवपूर्ण अवसर के लिए धन्यवाद देते हुए आयोजन को यादगार बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर नगर पंचायत डौण्डीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, श्रीमती कुसुम शर्मा, जसराज शर्मा, नेहा उपाध्याय, सुरेन्द्र देशमुख, मालीघोरी के उपसरपंच मोहित देशमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।





