“तांदुला किनारे अंधे कत्ल का खुलासा, पति ही निकला पत्नी का हत्यारा”

*”तांदुला किनारे अंधे कत्ल का खुलासा, पति ही निकला पत्नी का हत्यारा”*

बालोद :–मंगलवार को साइबर सेल बालोद में” तांदुला किनारे अंधे कत्ल का खुलासे के मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि
योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.), पुलिस अधीक्षक बालोद के मार्गदर्शन में थाना बालोद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवीनवागांव तांदुला किनारे हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में मृतिका सवित्री निषाद की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके पति धमेंन्द्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को ग्राम देवीनवागांव तांदुला नदी किनारे एक महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल एवं डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से जांच की गई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर थाना बालोद में मर्ग क्रमांक 16/2026 एवं अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण एवं एसडीओपी बोनीफास एक्का के नेतृत्व में साइबर सेल व थाना बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने गांव में कई दिनों तक कैंप लगाकर हर पहलू पर गहन जांच की और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान मृतिका की पहचान सवित्री निषाद निवासी देवीनवागांव के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि वह पिछले कुछ वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और बिना बताए मायके चली जाती थी। घटना के एक-दो दिन पहले ही वह ससुराल लौटी थी।
संदेह के आधार पर पति धमेंन्द्र निषाद (उम्र 41 वर्ष) से कड़ाई से पूछताछ की गई। पहले वह गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोबारा पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घरेलू विवाद और पत्नी के व्यवहार से आक्रोशित होकर उसने तांदुला नदी किनारे पुरानी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को दुर्घटना दर्शाने के लिए स्कार्फ लपेटकर शव को इस तरह रखा कि लोगों को गिरने से मौत का भ्रम हो।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
उक्त अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धरम भुआर्य सहित थाना बालोद एवं साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।

Recent Posts