
धमतरी- भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का श्रवण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव , संगठन महामंत्री कर्मवीर एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू ने किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना। ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से सीधे संवाद करते हुए समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों, विभिन्न क्षेत्रों में देश की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी प्रयासों, नवाचारों तथा राष्ट्र निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करते हैं। यह कार्यक्रम देश के कोने-कोने में कार्य कर रहे ऐसे लोगों के प्रयासों को सामने लाने का माध्यम भी है, जो अपने कार्यों से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री का यह संवाद देशवासियों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने और राष्ट्रहित में सामूहिक प्रयास करने की प्रेरणा देता है। ‘मन की बात’ के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनसेवा में जुटे नागरिकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।

इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के साथ-साथ समाज की सकारात्मक पहल, जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को भी महत्व दिया जाता है। प्रधानमंत्री जी का संवाद नागरिकों को अपने आसपास हो रहे अच्छे कार्यों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रोत्साहित करता है। रंजना डीपेन्द्र साहू ने अपना वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा, सकारात्मक सोच और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री जी देश के अलग-अलग हिस्सों में समाजहित में कार्य कर रहे लोगों के प्रयासों को सम्मान देते हुए जनभागीदारी को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में प्रस्तुत करते हैं। इससे आम नागरिकों में अपने दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समाज के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करता है, तभी विकसित और सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा सकते हैं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव संगठन महामंत्री कर्मवीर सहित प्रदेश पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






