मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा- जनभागीदारी से विकास को मिलेगी नई गति, उत्कृष्ट कार्य करने वाले वॉलिंटियर्स और संस्थाएं सम्मानित
धमतरी। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी पहुंचे प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘जनप्रयास पोर्टल’ का बटन दबा कर शुभारंभ किया। पोर्टल का उद्देश्य जिले के विकास, जनहित और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े कार्यों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि जनप्रयास पोर्टल शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की रचनात्मक सहभागिता को जोड़ने की सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से नागरिक अपने सुझाव, विचार, स्थानीय पहल और जनहित से जुड़े प्रयास साझा कर सकेंगे। इससे स्थानीय संसाधनों, नागरिक क्षमताओं और प्रशासनिक प्रयासों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि विकास को केवल शासकीय योजनाओं और विभागीय गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास प्रक्रिया से जोड़ना समय की आवश्यकता है।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जनप्रयास पोर्टल ऐसा डिजिटल मंच है, जहां हर नागरिक जिले के विकास में सीधे भागीदार बन सकता है। नागरिक अपनी रुचि और क्षेत्र के अनुसार गतिविधियों का चयन कर सहभागिता कर सकेंगे। गतिविधियों में क्यूआर कोड आधारित उपस्थिति एवं कार्यों का सत्यापन, पॉइंट्स और सिविल रैंकिंग जैसी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। सक्रिय वॉलिंटियर्स को ‘वॉलिंटियर पासपोर्ट’ तथा कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की भागीदारी से स्थानीय जरूरतों की बेहतर पहचान, उपयोगी सुझावों का संकलन और सामुदायिक स्तर पर किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लोगों से जनप्रयास पोर्टल से जुड़कर धमतरी के विकास में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की।उत्कृष्ट कार्य करने वाले वॉलिंटियर्स और संस्थाएं सम्मानितकार्यक्रम में जनप्रयास पोर्टल के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले वॉलिंटियर्स संकट कुमार साहू, भूपेंद्र दास मानिकपुरी, अर्जुन सिंह, योगेश्वर सिंह और यशवंत सिन्हा को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं सार्थक स्कूल, आर्ट ऑफ लिविंग, ब्लू एडवेंचर गंगरेल, सीजी अकादमी और युवा स्टार सेवा समिति को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन,जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव ऋषभ देवांगन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






