हाटकेश्वर की तीन दिवसीय श्रीराम कथा में शामिल हुए पंडित राजेश शर्मा, कथावाचक श्री कामता शरण जी से लिया आशीर्वाद; श्री मारुति सेवा समिति, आयोजन समिति, माता-बहनों एवं वार्डवासियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।धमतरी। हाटकेश्वर में आयोजित तीन दिवसीय श्रीराम कथा में धर्मप्रेमी समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति स्थाई आमंत्रित सदस्य पंडित राजेश शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री कामता शरण जी के श्रीमुख से भगवान श्रीराम की पावन कथा का श्रवण किया तथा उनसे भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर अपने उद्बोधन में पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए आदर्श जीवन का अनुपम उदाहरण हैं। उनका जीवन हमें मर्यादा, त्याग, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का संदेश देता है। प्रभु श्रीराम ने अपने जीवन में अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए भी धर्म और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा। एक आदर्श पुत्र, भाई, पति और राजा के रूप में उन्होंने समाज के सामने ऐसे जीवन मूल्य स्थापित किए, जो युगों-युगों तक मानव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि शक्ति के साथ विनम्रता अधिकार के साथ कर्तव्य और सफलता के साथ सेवा भाव भी आवश्यक है। रामराज्य की अवधारणा केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि ऐसे आदर्श समाज की परिकल्पना है जहां हर व्यक्ति को न्याय मिले, कमजोर और जरूरतमंद को संरक्षण मिले तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना बनी रहे। आज आवश्यकता है कि हम श्रीराम के आदर्शों को केवल अपने विचारों और पूजा-पाठ तक सीमित न रखकर उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में भी आत्मसात करें।पंडित राजेश शर्मा ने श्री मारुति सेवा समिति एवं आयोजन समिति के प्रयासों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि हाटकेश्वर में तीन दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन क्षेत्र के लिए सराहनीय पहल है। इस आयोजन में माता-बहनों की श्रद्धा, सक्रिय सहभागिता और समर्पण विशेष रूप से प्रशंसनीय है। वहीं वार्डवासियों ने जिस एकजुटता, सहयोग और उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई है, वह सामूहिक सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण है। जब मातृशक्ति और समाज के सभी वर्ग मिलकर ऐसे आयोजन करते हैं, तो उससे केवल धार्मिक वातावरण ही निर्मित नहीं होता बल्कि समाज में एकता संस्कार और आपसी आत्मीयता भी मजबूत होती है।उन्होंने श्री मारुति सेवा समिति आयोजन समिति की समस्त मातृशक्ति एवं वार्डवासियों को इस सुंदर आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय जीवन मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।






