
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर शॉल-श्रीफल भेंट किए, कहा—अनुभव और संस्कार समाज की अमूल्य धरोहर

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांधी जयंती के अवसर पर आज अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जिले के लगभग 500 महिला एवं पुरुष वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के अंतर्गत 40 हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र पॉसेशन सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पोषण किट का वितरण राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट भेंट की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।
वृद्धजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, जीवन संघर्ष और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और सम्मान भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। वरिष्ठजनों का सम्मान केवल किसी आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारे दैनिक व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ सेवा, संवेदना और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अंत्योदय की भावना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अंत्योदय की भावना के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का कार्य मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भी निरंतर किया जा रहा है। किसानों के हित में धान खरीदी एवं अन्य योजनाओं तथा महिलाओं के लिए महतारी वंदन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृशक्ति के प्रति सम्मान की भावना को भी इससे बल मिला है।शिविरों के माध्यम से लोगों के निकट पहुंच रही सेवाएं
वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा शिविर आयोजित कर लोगों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकट पहुंचकर दिया जा रहा है। उन्होंने देहदान एवं अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देहदान और अंगदान मानवता की सच्ची सेवा का उदाहरण हैं।
नशामुक्त युवा ही बनाएंगे मजबूत भारत प्रभारी मंत्री ने नशामुक्ति के लिए आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता बल्कि पूरे परिवार पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और इससे अपराध की प्रवृत्तियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति उसकी सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा शिक्षा, रोजगार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगेगी, तो भारत विकास के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ेगा।वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में कहा कि जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का अनुभव समाज के लिए मार्गदर्शक है और उनके सम्मान का यह अवसर नई पीढ़ी को पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि वृद्धजनों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है और इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा एवं संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं।इस अवसर पर नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव ऋषभ देवांगन वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने आभार व्यक्त किया।






