सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने की समीक्षा

जिले के गांवों और वार्डों से निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत @2047 के संकल्प से जुड़ेंगे नागरिक धमतरी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने आज धमतरी प्रवास के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर को आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कार्यक्रम के आयोजन, यात्रा मार्ग, सहभागिता, मंच व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए है । बैठक में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा आयुक्त नगर निगम अरुण वर्मा अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि उपस्थित थे ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प से जोड़ना है।कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न गांवों, वार्डों, मंडलों एवं विधानसभा क्षेत्रों से सेवा ज्योति यात्राएं प्रारंभ होकर निर्धारित स्थल पर एकत्रित होंगी। अधिक दूरी वाले क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी। यात्रा में सबसे आगे ‘सेवा ज्योति’ के साथ वाहन रहेगा।एकत्रीकरण के बाद जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित होगी। इसमें अतिथियों का स्वागत, सेवा ज्योति की स्थापना तथा प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन होगा। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों द्वारा ‘विकसित भारत @2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा तथा सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया जाएगा।मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा और सुशासन की यात्रा को स्मरण करते हुए हम समाज के प्रत्येक वर्ग को ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प से जोड़ेंगे। धमतरी जिले में गांवों, वार्डों और विभिन्न क्षेत्रों की सहभागिता से यह यात्रा जनभागीदारी का स्वरूप लेगी। सभी विभाग एवं संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित, गरिमामय और अधिकाधिक जनसहभागिता वाला हो।

 

Recent Posts