नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश

प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, खरतुली के स्वयंसेवकों ने नाटक के माध्यम से जगाई सामाजिक चेतना धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मोनो नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र निर्माण का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने उपस्थित जनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ऊर्जा बताते हुए नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।प्रभारी मंत्री वर्मा ने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका प्रभाव परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है। इसलिए नशामुक्ति के लिए सामूहिक जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से नशामुक्त भारत अभियान से जुड़कर जनजागरूकता को व्यापक बनाने की अपील की। नशामुक्ति के साथ परिवार और समाज को जागरूक करने का संकल्प शपथ के दौरान उपस्थितजनों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समुदाय के लोगों को भी नशे से बचाने का संकल्प लिया। साथ ही जिले और छत्तीसगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए अपने स्तर पर निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यक्रम में नशामुक्ति को केवल सरकारी अभियान न मानकर इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।नाटक के माध्यम से युवाओं को दिया सकारात्मक जीवन का संदेश कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरतुली के राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत सामाजिक जागरूकता पर आधारित प्रेरक नाटक रहा। विद्यालय के प्राचार्य टी.आर. नागवंशी के मार्गदर्शन में तैयार इस नाटक का लेखन एवं निर्देशन व्याख्याता आकाश गिरी गोस्वामी ने किया।नाटक के माध्यम से नशामुक्त भारत, विकसित भारत-2047, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि युवा शक्ति को नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर शिक्षा, कौशल, सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए तो वे राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रस्तुति में नशे के दुष्परिणामों को रेखांकित करते हुए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपने साथियों को भी जागरूक करने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। नाटक ने उपस्थित दर्शकों को सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति सोचने के लिए प्रेरित किया।नाटक में धर्मेन्द्र साहू, गगन विश्वकर्मा, मामयांशी साहू, वर्षा सिन्हा, मुस्कान साहू, झरना साहू, प्रीति विश्वकर्मा, पूर्वांजलि साहू, धारिणी साहू एवं भुनेश्वरी यादव ने विभिन्न भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन किया। स्वयंसेवकों की सशक्त एवं संदेशपरक प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा।इस दौरान सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, ऋषभ देवांगन, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वृद्धजन व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

Recent Posts