जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का भव्य आयोजन, महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

धमतरी/ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में 14 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। गांधी चौक से आयोजित इस स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि एवं शहरवासी उत्साह के साथ शामिल हुए।स्वतंत्रता दौड़ गांधी चौक से प्रारंभ होकर गोलबाजार, घड़ी चौक, भगवती लॉज, देवश्री टॉकीज रोड, शिव चौक एवं सेंचुरी गार्डन होते हुए पुनः गांधी चौक पहुंची, जहां दौड़ का समापन हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों में देशभक्ति का जोश और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला। तिरंगे और देशभक्ति के नारों के साथ प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है। स्वतंत्रता दौड़ जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, एकता और स्वस्थ जीवनशैली की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की एकता एवं अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।महापौर ने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर सकते हैं और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दौड़ में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव उपाध्यक्ष केशव साहू, एमआईसी सदस्य पिंटू यादव एवं अखिलेश सोनकर, पार्षद कुलेश सोनी, एल्डरमैन अशोक सिन्हा एवं नंदू लोधी सहित जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, युवा तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने शहर में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण को और अधिक जीवंत बना दिया।

Recent Posts