नवचेतना समाज सेवी संगठन ने वृद्धाश्रम में मनाया स्थापना दिवस

बालोद। नवचेतना समाज सेवी संगठन ने अपना स्थापना दिवस तांदुला जलाशय स्थित आदमाबाद वृद्धाश्रम में सेवा, स्नेह और आत्मीयता के साथ मनाया। उल्लेखनीय है कि संगठन की संस्थापक एवं संयोजिका पद्मिनी देवेंद्र साहू ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर समाजसेवा के उद्देश्य से इस संगठन की स्थापना की थी। इसी कारण संगठन का स्थापना दिवस और उनका जन्मदिन एक ही दिन मनाया जाता है।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम की स्वरूपलता पांडे ने पद्मिनी साहू का मुंह मीठा कराकर जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा धर्मकार्य, प्रकृति संरक्षण, जनसेवा, कन्या पूजन, जीवदया एवं भंडारा जैसे विविध सामाजिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर पद्मिनी साहू ने कहा कि उनका उद्देश्य उन बुजुर्गों के जीवन में मुस्कान लाना है, जो अपनों से दूर एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके प्रयासों से प्रेरित होकर कुछ लोग अपने जन्मदिन और विशेष अवसर वृद्धाश्रमों एवं सेवा संस्थानों में मनाने लगें, तो यही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष जन्मदिवस पर किसी न किसी जनकल्याणकारी कार्य की शुरुआत करना उनकी प्राथमिकता रहती है। इस वर्ष उन्होंने ऐसी संस्था (अरिना शिक्षण जनकल्याण समिति) की सदस्यता ग्रहण कर सहयोग प्रदान किया है, जो लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करती है।
संगठन की अध्यक्ष पद्मिनी साहू के साथ उपाध्यक्ष दुर्गा जोशी, सचिव डिलेश्वरी साहू, कोषाध्यक्ष रीता पाठक तथा रुक्मणी कोसरे, सरिता साहू, वर्षा दुबे, ज्योति यादव, सुशीला गरिया सहित अनेक सदस्य निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में डिलेश्वरी साहू, सरिता साहू, सुशीला गरिया, देवेंद्र साहू सिविल इंजीनियर, डॉ. विजय क्षत्रिय, घनाराम साहू, एवं अरीना शिक्षण जन कल्याण समिति के सदस्य
अध्यक्ष अपर्णा श्रीवास्तव, सचिव स्वरूपलता पांडे, उपाध्यक्ष अरीना पांडे , प्रबंधक अमित श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






