
रायपुर-गोंदिया मेमू ट्रेन से बालोद-दल्लीराजहरा के यात्रियों को बड़ी राहत, दुर्ग से मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

बालोद : यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 8 जून से महत्वपूर्ण बदलाव किया है। गाड़ी संख्या 68721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर और गाड़ी संख्या 68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर का विलय कर अब एकीकृत रूप से गाड़ी संख्या 68723 रायपुर-गोंदिया मेमू पैसेंजर के रूप में संचालित किया जाएगा।
नई मेमू ट्रेन रायपुर से शाम 7 बजे रवाना होकर सरस्वती नगर, सरोना, कुम्हारी, देवबलोदा चरोदा, भिलाई, भिलाई पावर हाउस, भिलाई नगर होते हुए रात 8.20 बजे दुर्ग पहुंचेगी। इसके बाद रसमडा, मुड़ीपार, परमालकसा, राजनांदगांव, बाकल और मुसरा होते हुए गोंदिया की ओर प्रस्थान करेगी।
यह नई व्यवस्था विशेष रूप से बालोद और दल्लीराजहरा क्षेत्र के यात्रियों के लिए लाभदायक साबित होगी। रायपुर, भिलाई और दुर्ग क्षेत्र से आने वाले यात्री अब इस मेमू ट्रेन के माध्यम से समय पर दुर्ग पहुंच सकेंगे।
दुर्ग स्टेशन से रात 9 बजे बालोद-दल्लीराजहरा की ओर जाने वाली कनेक्टिविटी ट्रेन उपलब्ध होने के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के इस निर्णय से बालोद, दल्लीराजहरा तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा तथा यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।






