डाक बंगला वार्ड में जल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण, शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु पहुंचे जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर

धमतरी। वार्ड पार्षद की शिकायत पर नगर निगम जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर आज डाक बंगला वार्ड पहुंचे और क्षेत्र में चल रहे जल आपूर्ति संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया। कुछ दिनों पूर्व डाक बंगला वार्ड के महार मोहल्ला, साहू मोहल्ला एवं सतनामी मोहल्ला में नई पाइपलाइन से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इंटरकनेक्शन का कार्य कराया गया था।इंटरकनेक्शन कार्य के बाद कुछ स्थानों पर मटमैला पानी आने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही जल विभाग की टीम द्वारा महार मोहल्ला में तत्काल सुधार कार्य कर समस्या का निराकरण किया गया। इसके बावजूद नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर स्वयं मौके पर पहुंचे और वार्ड के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य के निर्देश दिए।अखिलेश सोनकर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो। जहां कहीं भी जल आपूर्ति संबंधी शिकायत प्राप्त होगी, उसका त्वरित निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के बाद जल गुणवत्ता एवं आपूर्ति की नियमित निगरानी की जाए। निरीक्षण के दौरान अंबेडकर वार्ड के पार्षद कुलेश सोनी, सोमेश मेश्राम, पंचराम सिन्हा, मंगलु निर्मलकर एवं प्रह्लाद मांडवी सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

Recent Posts