“मुस्तैद पुलिस टीम ने पकड़ी 65 लाख रुपये की नकदी”

क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
थाना पुरूर पुलिस ने वाहन सहित रकम की जप्त, टैक्स चोरी व अवैध नगदी परिवहन की आशंका


बालोद : जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस बालोद को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरूर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद कर वाहन सहित जप्त किया है। इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग अभिषेक शांडिल्य के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा तथा थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में थाना पुरूर पुलिस ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की।


मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
दिनांक 26 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-24-T-9998 में भारी मात्रा में नगद राशि परिवहन की जा रही है, जो कांकेर की ओर से पुरूर की दिशा में आ रही है। सूचना मिलते ही थाना पुरूर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में एमसीपी लगाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की गई।
कुछ समय पश्चात संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें दो व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमित जैन उम्र 42 वर्ष निवासी बालोद तथा लच्छू ठाकुर उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम तरौद, जिला बालोद बताया।

 


कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई तलाशी
वाहन की विधिवत तलाशी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों एवं गवाहों की उपस्थिति में ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस द्वारा नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया, किंतु संबंधित व्यक्ति कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी एवं अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए संपूर्ण नगद राशि एवं प्रयुक्त वाहन को जप्त कर लिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना पुरूर पुलिस की टीम की सक्रिय भूमिका रही। विशेष रूप से थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू एवं संदीप यादव सहित समस्त पुलिस स्टाफ की सजगता एवं सक्रियता सराहनीय रही।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्त नजर
बालोद पुलिस द्वारा लगातार अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों एवं टैक्स चोरी जैसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बालोद पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

Recent Posts