नाली निर्माण कार्य का अध्यक्ष विजय मोटवानी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता परखी गई, लोगों ने जताई संतुष्टि

धमतरी। शहर के सदर बाजार क्षेत्र में पुत्री शाला चमेली चौक से लेकर सदर बाजार तक बनाए जा रहे आरसीसी नाली निर्माण कार्य का गुरुवार को नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने निरीक्षण किया। नाली निर्माण को लेकर कुछ लोगों द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद महापौर रामू रोहरा के निर्देश पर लोक कर्म विभाग के प्रभारी विजय मोटवानी, पिंटू यादव एवं मेघराज ठाकुर ने सब इंजीनियर नमिता तथा ठेकेदार पिंटू अग्रवाल के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर उपयोग किए जा रहे सीमेंट, गिट्टी, सरिया सहित अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांची गई। अधिकारियों ने नाली की चौड़ाई, गहराई एवं निर्माण की मजबूती का भी परीक्षण किया। निर्माण कार्य को तकनीकी मानकों के अनुरूप पाए जाने पर संतोष जताया।इस दौरान आसपास के दुकानदारों, रहवासियों एवं व्यापारियों से भी चर्चा कर निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में जलभराव एवं गंदगी की समस्या बनी हुई थी, जिससे बारिश के दिनों में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नाली निर्माण होने से अब पानी निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्र में स्वच्छता भी बनी रहेगी। कई लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं गति पर संतुष्टि जताई।लोक कर्म विभाग के प्रभारी विजय मोटवानी ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले हर निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी नहीं पाई गई। उन्होंने सब इंजीनियर को समय समय पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा बिना तथ्य के निर्माण कार्य पर सवाल उठाए जा रहे थे, इसलिए मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कार्य संतोषजनक पाया गया है। साथ ही निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य को तय समय सीमा में पूर्ण करते हुए आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के नागरिकों ने नगर निगम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के विकास कार्यों से शहर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार हो रहा है। समिति के सदस्य मेघराज ठाकुर पिंटू यादव ने कहा कि शहर में हो रहे विकास कार्यों को लेकर कुछ लोग बेवजह भ्रम फैलाने और रुकावट डालने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि मौके पर जाकर देखने पर निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए नगर निगम लगातार सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य करा रहा है।उन्होंने कहा कि बिना तथ्य के आरोप लगाने के बजाय लोगों को विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी निर्माण कार्य पर संतुष्टि जताई है। मेघराज ठाकुर ने कहा कि निगम की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समय पर कार्य पूर्ण करना है, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Recent Posts