कलेक्टर की पहल से संबलपुरी साड़ी केंद्र को मिलेगी नई पहचान, महिलाओं की मेहनत को मिलेगा बड़ा बाजार संबलपुरी साड़ी केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया जोर

धमतरी /- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज अधिकारियों के साथ श्यामतराई स्थित संबलपुरी साड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में कार्यरत महिलाओं से आत्मीय संवाद करते हुए साड़ी निर्माण की प्रक्रिया, उत्पादन क्षमता, लागत एवं विपणन से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र न केवल पारंपरिक कला के संरक्षण का माध्यम है, बल्कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम पीयूष तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे ।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साड़ियों की गुणवत्ता, डिज़ाइन और रंग संयोजन का अवलोकन किया तथा बाजार की मांग के अनुरूप नवाचार अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग के लिए आधुनिक पैकेजिंग मशीन उपलब्ध कराई जाए, जिससे साड़ियों की बाजार में आकर्षक प्रस्तुति हो और बिक्री में वृद्धि हो सके।कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को नियमित प्रशिक्षण प्रदान कर उनके कौशल को और विकसित किया जाना आवश्यक है। इसके लिए समय-समय पर विशेषज्ञों द्वारा डिज़ाइन, रंग संयोजन, आधुनिक ट्रेंड तथा ई-मार्केटिंग से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्व-सहायता समूहों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से जोड़कर उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि केंद्र में कार्यरत महिलाओं को कच्चे माल की उपलब्धता, वित्तीय सहायता तथा विपणन के बेहतर अवसर सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, उत्पादों की प्रदर्शनी एवं मेलों में सहभागिता बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएं, ताकि स्थानीय हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबलपुरी साड़ी केंद्र को एक मॉडल इकाई के रूप में विकसित किया जाए, जिससे जिले की अन्य महिला समूह भी प्रेरित होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

Recent Posts