धमतरी/ कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज धमतरी शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का सघन निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।कलेक्टर मिश्रा ने सर्वप्रथम जिला मुख्यालय के समीप प्रस्तावित फूड पार्क स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फूड पार्क हेतु आरक्षित भूमि का सीमांकन शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा भूमि संबंधी विवादों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना विलंब के प्रारंभ हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि फूड पार्क जिले के आर्थिक विकास, स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण एवं रोजगार सृजन के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है, अतः इसकी प्रगति में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।इस अवसर पर कलेक्टर ने निर्माण स्थल पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पेयजल, सड़क एवं ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने की बात कही, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे। गजेन्द्र ठाकुर , एसडीएम पीयूष तिवारी, आयुक्त नगर निगम प्रिया श्रीवास्त सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे । निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने क्षेत्र के ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है तथा विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।






