धमतरी। पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत रायपुर द्वारा चेट्रीचंड्र महोत्सव के अवसर पर आयोजित सिन्धियत जो मेलो कार्यक्रम में समाज सेवा और जनहित के कार्यों में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रीविष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रायपुर के छेदीखेड़ी स्थित ललित महल में आयोजित समारोह में धमतरी के महापौर रामू रोहरा मंचासीन रहे। इस दौरान सिंधी समाज की ओर से उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि महापौर रामू रोहरा लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिसके लिए समाज की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सिंधी समाज अपनी सेवा भावना, परोपकार और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए देशभर में जाना जाता है। चेट्रीचंड्र का पर्व समाज को एकता, भाईचारे और संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज की निष्ठावान और समर्पित भावना से ही सेवा कार्यों की परंपरा आगे बढ़ती है।कार्यक्रम में समाज के लोगों ने चेट्रीचंड्र महोत्सव की खुशियां मनाते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा और महिलाएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सिंधी संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिली।






