नगर निगम धमतरी में एसबीआई सैलरी अकाउंट योजना पर भव्य सेमिनार आयोजित

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन की कर्मचारी हितैषी सोच और मुख्यमंत्री की सकारात्मक पहल के अनुरूप भारतीय स्टेट बैंक द्वारा प्रारंभ की गई विशेष सैलरी अकाउंट योजना के संबंध में आज नगर पालिक निगम धमतरी में एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों को एसबीआई सैलरी पैकेज के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था।सेमिनार में बैंक के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधियों ने योजना की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस सैलरी अकाउंट के अंतर्गत कर्मचारियों को शून्य बैलेंस पर खाता खोलने की सुविधा, एटीएम एवं डेबिट कार्ड, दुर्घटना बीमा कवर, आकर्षक ओवरड्राफ्ट सुविधा, सरल एवं त्वरित ऋण प्रक्रिया तथा अत्याधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। इसके साथ ही नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग एवं सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन प्रणाली की जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना कर्मचारियों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं वित्तीय सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से जुड़कर कर्मचारी न केवल अपनी बचत और निवेश को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि आपात स्थितियों में भी आर्थिक रूप से सुरक्षित रह सकते हैं। महापौर ने सभी कर्मचारियों से इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान बैंक अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया। अंत में बैंक प्रतिनिधियों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र खाता खोलने की प्रक्रिया पूर्ण करने का अनुरोध किया।यह सेमिनार कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक और दूरदर्शी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Recent Posts