कृषि उपज मंडी प्रांगण में सिफ्ट करने का निर्देश धमतरी।नगर निगम महापौर रामू रोहरा रविवार सुबह स्वयं डागा धर्मशाला पहुँचे और स्टेशन पारा के प्रभावित नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ मौके पर ही सुनीं। तकरीबन दो घंटे तक सभी प्रभावित परिवार से रूबरू होकर उनकी दुःख तकलीफों को महसूस किया। लोगों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताई।महापौर ने साफ शब्दों में अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक भी प्रभावित परिवार को असहाय न छोड़ा जाए और सभी को तत्काल कृषि उपज मंडी प्रांगण में अस्थाई रूप से शिफ्ट किया जाए।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिफ्ट किए गए नागरिकों को पेयजल, बिजली, शौचालय, साफ-सफाई, और अन्य सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ़ सत्ता की नहीं, बल्कि हर गरीब, हर पीड़ित और हर जरूरतमंद की सच्ची चिंता करने वाली सरकार है। भाजपा सरकार दिखावे की राजनीति नहीं करती, बल्कि संकट की घड़ी में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के राजनीतिक बहकावे या अफवाहों में न आएँ। कुछ लोग अपनी नाकामी छुपाने के लिए गरीबों को आगे कर राजनीति करना चाहते हैं, लेकिन अब जनता जागरूक है। महापौर ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास गरीबों के नाम पर केवल छल, झूठ और उपहास उड़ाने का रहा है। कांग्रेस ने दशकों तक गरीबों को सिर्फ़ नारे दिए, न घर दिया, न सुविधा दी, न सम्मान दिया। आज जब भाजपा सरकार ज़मीन पर काम कर रही है, तो कांग्रेस को यह हज़म नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब हताशा और भ्रम फैलाने तक सिमट कर रह गई है। गरीबों के दर्द से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं, उन्हें सिर्फ़ कैमरे और सुर्खियाँ चाहिए। जनता अब कांग्रेस की सच्चाई पहचान चुकी है और ऐसे दोहरे चरित्र वालों को समय आने पर करारा जवाब देगी। महापौर ने दो टूक कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और हर प्रभावित नागरिक को सम्मानजनक सुविधा और सुरक्षा देना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसे हर हाल में निभाया जाएगा। महापौर ने बच्चों को दुलराते हुवे पूछा कि स्कूल जाते हो कि नहीं। प्रभावित लोगो ने महापौर को अपने बीच पाकर कहा कि अब हम लोग किसी के बहकावे में आकर गुमराह नहीं होंगे।इस अवसर पर एमआईसी प्रभारी अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, मेघराज ठाकुर, कुलेश सोनी, संतोष सोनकर, संजय देवांगन, छोटू वर्मा , महेंद्र खंडेलवाल आदि उपस्थिति थे।







