माता पार्वती के जन्म और शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु सच्ची भक्ति और तपस्या से ही मिलता है परमात्मा का सानिध्य : पलक

धमतरी। आमापारा के अम्बा चौक में चल रहे शिव महापुराण कथा महोत्सव के तहत चौथे दिन कथा व्यास पं. पलक दुबे ने माता पार्वती के प्राकट्य और भगवान भोलेनाथ के साथ उनके दिव्य विवाह का अत्यंत भावपूर्ण प्रसंग सुनाया। इस दौरान पूरा कथा पंडाल हर-हर महादेव और जय माता दी के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।शनिवार को शिवकथा का विस्तार करते हुए पं. पलक दुबे ने बताया कि जब दक्ष प्रजापति के यज्ञ में माता सती ने अपने प्राणों की आहुति दी, तो भगवान शिव गहरे वैराग्य और समाधि में लीन हो गए। इधर सृष्टि के कल्याण और तारकासुर जैसे असुर के संहार के लिए आदिशक्ति का पुनः अवतरण आवश्यक था। देवताओं की प्रार्थना और पर्वतराज हिमालय तथा माता मैना की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर आदिशक्ति ने उनके घर पुत्री के रूप में जन्म लिया। पर्वतराज की पुत्री होने के कारण वे ‘पार्वती’ और ‘शैलपुत्री’ कहलाईं।कथा व्यास ने आगे कहा कि बाल्यावस्था से ही माता पार्वती के हृदय में भगवान शिव के प्रति अटूट प्रेम था। देवर्षि नारद की प्रेरणा से उन्होंने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए हजारों वर्षों तक कठोर तपस्या की। अन्न-जल त्याग कर पंचाग्नि तप करने के कारण उनका एक नाम ‘अपर्णा’ भी पड़ा। उनकी अटूट निष्ठा और तप से प्रसन्न होकर अंततः भगवान भोलेनाथ प्रकट हुए और उन्होंने माता पार्वती को अपनी अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया।  पं. पलक दुबे ने आगे बताया कि जब भोलेनाथ भूत-प्रेत, नंदी, भृंगी और देवताओं के साथ अपनी अनोखी बारात लेकर हिमालय के द्वार पर पहुंचे तो पहले तो माता मैना भस्म रमाए दूल्हे को देखकर घबरा गईं लेकिन बाद में भगवान के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर धन्य हो उठीं। शुभ मुहूर्त में देवताओं की साक्षी में भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ। कथा के दौरान भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करते नजर आए। अंत में मुख्य यजमानों द्वारा महाआरती की गई और भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर पूर्व पार्षद संजय डागौर, गोलू सिन्हा, गजेन्द्र पटेल, रामचन्द्र प्रजापति, सीमा नाग, पूजा नाग, कौशिल्या नाग, तारा मोहबे, चंचल मोहबे, ज्योति पटेल, शशि साहू, गायत्री प्रजापति, गोमती नाग, अर्जून नाग, दयाराम लहरे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Recent Posts