
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विकास अधिकारियों को विभागीय कार्यों से पृथक गैर विभागीय कार्यों में ड्यूटी लगाने पर जताई नाराजगी, मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री एवं राजस्व मंत्री के नाम अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बालोद :– छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ, जिला बालोद द्वारा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विकास अधिकारियों को गैर विभागीय कार्यों में लगातार ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में 27 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री एवं राजस्व मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संघ के जिलाध्यक्ष श्री नवलकिशोर साहू के नेतृत्व में यह ज्ञापन अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मीरी को सौंपा गया।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों को उनके मूल विभागीय दायित्वों के अतिरिक्त अन्य विभागों के प्रशासनिक एवं गैर विभागीय कार्यों में लगातार लगाया जा रहा है। इसके कारण कृषि विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं और किसानों से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि कृषि अधिकारियों से डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS), पीवी ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी, राजस्व विभाग के अंतर्गत फसल कटाई प्रयोग (CCE), एग्रीस्टैक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY), ग्राउंड ट्रुथ सर्वे, किसान पंजीयन, किसान उन्नति योजना, धान उपार्जन केंद्रों में निगरानी, धान के बदले अन्य फसल पंजीयन एवं सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों की योजनाओं, सर्वेक्षण, निरीक्षण एवं प्रशासनिक गतिविधियों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जा रही है।
संघ का कहना है कि कृषि अधिकारियों की मूल जिम्मेदारी किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन देना, फसल प्रदर्शन एवं निरीक्षण करना, कीट-व्याधि नियंत्रण, उर्वरक एवं बीज संबंधी सलाह देना तथा शासन की कृषि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। लेकिन गैर विभागीय कार्यों के बढ़ते दबाव के कारण किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि गैर विभागीय ड्यूटी के कारण अधिकारियों को अनावश्यक अनुशासनात्मक एवं न्यायालयीन प्रक्रियाओं जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इससे उनके सम्मान, मानसिक स्थिति एवं आर्थिक परिस्थितियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कई बार अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा कृषि अधिकारियों की सहमति के बिना उनकी ड्यूटी लगा दी जाती है तथा विभागीय आपत्ति के बावजूद आदेशों की अनदेखी की जाती है।
संघ ने शासन से आग्रह किया है कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विकास अधिकारियों को उनके मूल विभागीय कार्यों तक ही सीमित रखा जाए तथा उन्हें गैर विभागीय कार्यों से पूर्णतः पृथक रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि कृषि विभाग की योजनाओं का सुचारू संचालन हो सके और किसानों को समय पर सेवाएं मिल सकें।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने शासन से मांग की कि कृषि अधिकारियों की कार्यक्षमता, गरिमा एवं विभागीय दायित्वों को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाए। संघ ने मांग पूरी होने पर शासन के प्रति आभार व्यक्त करने की बात कही।






