“प्रभारी सचिव भुवनेश यादव ने धान खरीदी केंद्रों,आश्रम, छात्रावास का किया निरीक्षण”

किसानों से किया आत्मीय संवाद, बच्चों से पढ़ाई और छात्रावास की सुविधाओं की ली जानकारी

Oplus_131072

बालोद :– प्रभारी सचिव भुवनेश यादव ने गुरुवार को बालोद जिले का सघन दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मिर्रिटोला एवं हितेकसा धान खरीदी केंद्र, कृषि उपज मंडी मुजगहन तथा वनांचल क्षेत्र स्थित आदिवासी आश्रम छात्रावास बड़भूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

धान खरीदी केंद्रों में किसानों से की आत्मीय बातचीत

Oplus_131072

प्रभारी सचिव श्री यादव ने मिर्रिटोला एवं हितेकसा धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया, किसानों की सुविधाओं, बारदाना उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर धान विक्रय के अनुभव और उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के उपार्जन केंद्रों में की गई तैयारियों, बारदाना उपलब्धता एवं खरीदे गए धान के सुरक्षित रखरखाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया और पारदर्शी तौल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कृषि उपज मंडी मुजगहन का भी किया अवलोकन

प्रभारी सचिव ने कृषि उपज मंडी मुजगहन पहुंचकर वहां संचालित गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

आश्रम छात्रावास के बच्चों से किया आत्मीय संवाद

Oplus_131072

दौरे के दौरान श्री यादव ने वनांचल क्षेत्र स्थित आदिवासी आश्रम छात्रावास बड़भूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में निवासरत बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, दिनचर्या एवं भोजन सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों के साथ सहज संवाद करते हुए उन्होंने उनकी शैक्षणिक गतिविधियों और अनुभवों को जाना। उन्होंने छात्रावास में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।

Oplus_131072

शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता

प्रभारी सचिव श्री भुवनेश यादव का यह दौरा जिले में शासकीय योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। किसानों से सीधे संवाद कर धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी लेने तथा आदिवासी छात्रावास में बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं को समझने का प्रयास किया गया। इस दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य एवं श्री जीएल यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Posts