15 एवं 16 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 952 बोरा अवैध धान जब्त धमतरी// छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के परिवहन, भंडारण एवं खरीदी-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अवैध धान के कारोबार में संलिप्त बिचौलियों एवं कोचियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई से ऐसे कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले में लगातार निगरानी और जांच कर रही हैं।इसी कड़ी में आज ग्राम अरौद (धमतरी) में राजस्व खाद्य एवं मंडी विभाग के संयुक्त दल द्वारा बलराम ट्रेडिंग कंपनी का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान व्यापारी के पास बिना पंजीयन के 55 बोरा धान पाया गया। टीम ने नियमानुसार उक्त धान को जब्त कर लिया है।उल्लेखनीय है कि 15 एवं 16 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की गई है। ग्राम घुटकेल में 147 बोरा उमरगांव में 300 बोरा ग्राम सांकरा में 150 बोरा बनरौद नाका में 300 बोरा तथा अरौद में 55 बोरा धान जब्त किया गया है। इस तरह दो दिनों में कुल 952 बोरा अवैध धान जब्त किया जा चुका है।जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों सीमावर्ती मार्गों, मंडियों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता करने, अवैध रूप से धान का भंडारण करने अथवा दूसरे क्षेत्रों से धान लाकर खपाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने पंजीकृत रकबे का धान ही उपार्जन केंद्रों में विक्रय करें तथा किसी भी प्रकार के बिचौलियों या अवैध गतिविधियों से दूर रहें।






