“बेटी-बेटा समानता का संदेश, 101 दीपों से जगमगाया गांव”

बेटियों के नाम जले 101 दीप, जगमगाया जगन्नाथपुर; दिवाली पर दिया बेटी-बेटा समानता का अनमोल संदेश

Oplus_131072

बालोद :– दीपावली पर घर-आंगन में हजारों दीप जलते हैं, मां लक्ष्मी की पूजा होती है और हर परिवार सुख-समृद्धि की कामना करता है। लेकिन बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में इस बार दीपावली कुछ अलग थी। यहां दीपों की रोशनी के बीच बेटियों के सम्मान, उनके सपनों और उनके अधिकारों की बात हो रही थी। किसी ने अपनी बेटी के नाम रंगोली सजाई, तो किसी ने उसके नाम का दीप जलाया। 101 दीपों की रोशनी ने केवल गांव के एक स्थान को ही नहीं, बल्कि बेटी-बेटे के बीच समानता की सोच को भी उजाला दिया। ‘बेटी घर की लक्ष्मी तो बेटा भी है शान, बेटी-बेटा एक समान’ के संदेश के साथ आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बेटियों के सम्मान और उनके प्रति भेदभाव समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लिया। यह आयोजन इस बात की खूबसूरत मिसाल बना कि बेटियों को सम्मान देने के लिए किसी बड़े अवसर की नहीं, बल्कि एक छोटी-सी अच्छी सोच और पहल की जरूरत होती है।

ग्राम जगन्नाथपुर में वर्ष 2019 से यादव परिवार द्वारा इस अनूठी पहल की शुरुआत की गई है। हर वर्ष दीपावली पर लक्ष्मी पूजा की शाम घर-आंगन में बेटियों के नाम से रंगोली सजाकर दीप जलाए जाते हैं। इस वर्ष इस पहल को विशेष स्वरूप देते हुए गांव की लक्ष्मी उत्सव एवं फाग समिति और यादव परिवार के संयुक्त तत्वावधान में लक्ष्मी प्रतिमा स्थापना स्थल पर सामूहिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव की बेटियों और बहुओं ने मिलकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं ‘बेटी है तो कल है’ का संदेश देती आकर्षक रंगोली बनाई। देखते ही देखते रंगोली 101 दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। ग्रामीणों ने बेटियों के नाम दीप प्रज्ज्वलित कर उनके सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।

बेटी के जन्म पर भी उतनी ही खुशियां हों, जितनी बेटे के आने पर

इस पहल के पीछे यादव परिवार की एक गहरी भावना जुड़ी है। परिवार का मानना है कि आज भी समाज में बेटी और बेटे के बीच भेदभाव की सोच पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। कई बार शिक्षित परिवारों में भी बेटे के जन्म पर खुशियां मनाने का उत्साह बेटी के जन्म के समय दिखाई नहीं देता। बेटी के जन्मदिन को उतनी प्राथमिकता नहीं मिलती, जितनी बेटे के जन्मदिन को दी जाती है।
आखिर क्यों? जब बेटी भी माता-पिता के जीवन का उतना ही अनमोल हिस्सा है, जब उसके सपने भी उतने ही सुंदर हैं और उसकी मुस्कान भी परिवार को उतनी ही खुशियां देती है, तो फिर उसके साथ भेदभाव क्यों?
इसी सोच को बदलने के लिए यादव परिवार ने वर्ष 2019 में यह पहल शुरू की। परिवार का मानना है कि जब लक्ष्मी पूजा के दिन मां लक्ष्मी की आराधना की जाती है, तो घर की बेटियों को भी लक्ष्मी का स्वरूप मानकर उनके सम्मान में दीप जलाने चाहिए। बेटी को केवल घर की लक्ष्मी कह देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे बेटे के समान प्यार, सम्मान, शिक्षा, स्वतंत्रता और आगे बढ़ने के अवसर देना भी जरूरी है।

बेटियों के सम्मान में एकजुट हुआ पूरा गांव

इस अभियान की मूल प्रेरणास्रोत वैष्णवी यादव हैं। उनके पिता दीपक यादव, माता माधुरी यादव, दादी मधु यादव और भाई विजय यादव इस पहल को लगातार आगे बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं। परिवार की यह कोशिश है कि बेटी के नाम जलने वाला एक दीप समाज की सोच में बदलाव की लौ बने और आने वाली पीढ़ियों को समानता का संस्कार मिले।
इस वर्ष गांव की लक्ष्मी उत्सव एवं फाग समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती दमयंती हरदेल उपस्थित रहीं। आयोजन में,ल तुलेश्वर राम साहू, श्रीमती बेदन साहू, ओमप्रकाश देशमुख, श्रीमती प्रेमा देशमुख, डॉ. सुभाष हरदेल, श्रीमती शशिकला विश्वकर्मा, श्रीमती राधा ठाकुर, श्रीमती चित्रांगनी ठाकुर, शिव कुमार यादव, श्रीमती शारदा यादव, नंदकिशोर सोनलोई, श्रीमती सरस्वती साहू, डॉ. उमेश मिश्रा, सुरेश साहू, श्रीमती सरिता साहू, सुमीत कुमार साहू, श्रीमती नेहा साहू, श्रीमती बनिहारिन साहू, श्रीमती मीना देशमुख, श्रीमती चंपा देशमुख, श्रीमती बिसाहिन ठाकुर एवं तिहारु विश्वकर्मा सहित ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।

एक दीप बेटी के नाम, एक संकल्प समानता के नाम

जगन्नाथपुर की यह पहल एक खूबसूरत संदेश देती है कि दीपावली की असली रोशनी केवल घरों की सजावट और दीपों में नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार और विचारों में भी होनी चाहिए। जिस दिन बेटी के जन्म पर भी घर में उतनी ही खुशियां मनाई जाएंगी, जिस दिन उसके सपनों को भी बेटे के सपनों जितना महत्व मिलेगा और जिस दिन उसे समान अधिकार के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ेगा, उसी दिन समानता का सपना वास्तव में साकार होगा। इस आयोजन में शामिल लोगों ने एक स्वर में संदेश दिया कि बेटियां बोझ नहीं, परिवार की मुस्कान और समाज का भविष्य हैं। उनके सपनों को पंख देना और उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दीपावली जगन्नाथपुर में 101 दीप तो जले, लेकिन उनके साथ एक उम्मीद भी रोशन हुई कि आने वाले समय में किसी घर में बेटी के जन्म पर खुशियां कम नहीं होंगी। क्योंकि बेटी है तो कल है, बेटी का सम्मान ही समाज का सम्मान है।

Recent Posts