
कैशलेस चिकित्सा सुविधा को कैबिनेट की मंजूरी, कर्मचारी-अधिकारियों को मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात, जताया आभार

रायपुर :– छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रदेश के शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के लाखों शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के हित में लिए गए इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से अब शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों को बीमारी अथवा आपातकालीन स्थिति में इलाज के लिए तत्काल बड़ी धनराशि की व्यवस्था करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही उपचार के बाद चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन करने और लंबी प्रक्रिया से गुजरने की आवश्यकता भी कम होगी।

इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ उन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को मिलेगा, जिन्हें अचानक बीमारी या आपातकालीन चिकित्सा की स्थिति में आर्थिक व्यवस्था करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कैशलेस व्यवस्था से उपचार के समय आर्थिक चिंता कम होगी और कर्मचारी अपने परिवार के बेहतर स्वास्थ्य एवं उपचार पर ध्यान दे सकेंगे।
फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय को शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उम्मीद जताई कि इस सुविधा के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।






