कुरूद को मिली दोहरी सौगात एसडीएम कार्यालय के साथ अब तहसील कार्यालय का भी बनेगा नवीन भवन

दोनों भवनों के निर्माण के लिए कुल 2 करोड़ 50 लाख 4 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति; विधायक अजय चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति जताया आभार धमतरी। जिले के कुरूद क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। राज्य शासन ने कुरूद में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय के नवीन भवन के साथ तहसील कार्यालय भवन के निर्माण के लिए भी प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। दोनों भवनों के निर्माण के लिए कुल 2 करोड़ 50 लाख 4 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे कुरूद क्षेत्र में राजस्व प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ आम नागरिकों को बेहतर कार्यालयीन सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार कुरूद में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 25 लाख 2 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही कुरूद तहसील कार्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए भी 1 करोड़ 25 लाख 2 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।तहसील कार्यालय भवन निर्माण के लिए राज्य शासन ने कुल 3 करोड़ 75 लाख 6 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अंतर्गत कुरूद (धमतरी) के अलावा तपकरा (जशपुर) एवं घरघोड़ा (रायगढ़) में भी तहसील कार्यालय भवनों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक तहसील कार्यालय भवन के लिए 1 करोड़ 25 लाख 2 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह प्रदेश के सात अनुविभागों में एसडीएम कार्यालय भवनों के निर्माण के लिए कुल 8 करोड़ 75 लाख 14 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।विधायक अजय चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुरूद में एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय के नवीन भवनों की स्वीकृति क्षेत्र की प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन भवनों के निर्माण से राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित बनाने तथा आम नागरिकों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कुरूद क्षेत्र को मिली इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री सहित राज्य शासन का आभार व्यक्त किया।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि कुरूद में एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के नवीन भवनों की स्वीकृति से अनुविभागीय और तहसील स्तर पर प्रशासनिक अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। दोनों कार्यालयों में बेहतर कार्यस्थल एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से शासकीय कार्यों के संचालन, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा नागरिकों को राजस्व सेवाएं प्रदान करने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों को सुलभ, सुगम एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।उल्लेखनीय है कि दोनों भवनों के निर्माण पर होने वाला व्यय वित्तीय वर्ष 2026-27 में मांग संख्या-67 के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के माध्यम से किया जाएगा। कुरूद में एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के नवीन भवनों की स्वीकृति क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

Recent Posts