दोनों गांवों में 35.85-35.85 लाख रुपये की लागत से बनेंगे नए भवन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जल्द स्वीकृति दिलाने का दिया आश्वासन धमतरी/ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महापौर जगदीश रामू रोहरा ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने धमतरी विकासखंड के ग्राम डोमा एवं अछोटा में नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के निर्माण की मांग प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल से की है। महापौर की इस मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक पहल करते हुए दोनों निर्माण कार्यों को जल्द स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया है। इससे दोनों गांवों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है।प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत ग्राम डोमा में 35.85 लाख रुपये की लागत से नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इसी प्रकार ग्राम अछोटा में भी 35.85 लाख रुपये की लागत से नए उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इस तरह दोनों गांवों में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास के लिए कुल 71.70 लाख रुपये के निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों की स्वीकृति मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा।ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। स्वास्थ्य जांच, सामान्य उपचार तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए लोगों को दूरस्थ स्वास्थ्य केन्द्रों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद मरीजों को इन भवनों का लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीणों की चिकित्सा संबंधी परेशानियों को कम करने में सहायता मिलेगी।स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देना महापौर की पहल महापौर रामू रोहरा लगातार शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की दिशा में प्रयासरत हैं। इसी क्रम में ग्राम डोमा एवं अछोटा में नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र भवनों के निर्माण की मांग स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखी गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा जल्द स्वीकृति दिलाने के आश्वासन से इन दोनों गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की उम्मीद जगी है।महापौर की इस पहल से ग्राम डोमा एवं अछोटा के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। अब दोनों प्रस्तावित निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिलने के बाद गांवों में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।






