कैमरा देखकर नहीं, कचरा देखकर उठाई झाड़ू

समापन के बाद दिखा अलग दृश्य, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित अकेले सफाई में जुटे धमतरी। कोई कैमरा देखकर झाड़ू पकड़ता है, तो कोई कचरा देखकर। सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली गई ज्योति कलश यात्रा के समापन पर गांधी मैदान में ऐसा ही एक अलग दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता धीरे-धीरे रवाना होने लगे, तब मैदान में डिस्पोजल कप, पानी के पाउच और अन्य कचरा नजर आया। इसी दौरान भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित की नज़र कचरे पर पड़ी। उन्होंने न किसी के आने का इंतजार किया और न सफाईकर्मियों को बुलाने की बात कही। खुद झाड़ू उठाई और अकेले ही मैदान की सफाई में जुट गए। और आसपास के हिस्से में फैले कचरे को समेटते और साफ करते नजर आए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों का ध्यान जब इस ओर गया तो यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया। खास बात यह रही कि सफाई के दौरान महेंद्र पंडित किसी औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि आयोजन स्थल पर फैले कचरे को हटाने में जुटे रहे। महात्मा गांधी के नाम से जुड़े गांधी मैदान में सेवा संकल्प अभियान के समापन पर सामने आई यह तस्वीर अपने आप में संदेश देती नजर आई सेवा केवल मंच से कही जाने वाली बात नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर खुद जिम्मेदारी उठाने का भाव भी है।

 

Recent Posts