नियमित एवं स्वच्छ जलापूर्ति के साथ शिकायतों के त्वरित निराकरण पर दिया जोर धमतरी। शहर में पेयजल व्यवस्था को और अधिक बेहतर, सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर नगर पालिक निगम धमतरी में महापौर जगदीश रामू रोहरा की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में जल विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नागरिकों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा एवं जल विभाग के एमआईसी अखिलेश सोनकर ने जलापूर्ति व्यवस्था, विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही नागरिकों की समस्याओं तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार रखे। महापौर रामू रोहरा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर निगम पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। नागरिकों को समय पर पर्याप्त और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। व्यवस्था में जहां भी कमी नजर आए, उसे तत्काल दूर किया जाए।बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, आवश्यक संसाधनों के बेहतर उपयोग, फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने तथा आगामी समय की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।इस अवसर पर महेंद्र जगत, राठौर, लोमेश देवांगन, कमलेश ठाकुर, पंचराम सिन्हा, मंगलू निर्मलकर, प्रह्लाद मंडावी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






