महापौर रामू रोहरा के प्रयास से धमतरी विधानसभा में विकास की रफ्तार तेज पुरूर-सोरम -गंगरेल मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 19.45 करोड़ की मंजूरी पर वित्त विभाग की सहमति

धमतरी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से पुरूर-सोरम-खिड़कीटोला-गंगरेल मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा पुल-पुलिया निर्माण कार्य के लिए 19.45 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पर वित्त विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है। वित्त विभाग की सहमति के बाद इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।यह मार्ग धमतरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र गंगरेल को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क कड़ी है। मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ पुल-पुलिया निर्माण होने से आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों तथा गंगरेल आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार शासन स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। सड़क और कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद होती है। पुरूर-सोरम-खिड़कीटोला-गंगरेल मार्ग के लिए 19.45 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पर वित्त विभाग की सहमति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी,प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद रूपकुमारी चौधरी के सहयोग से धमतरी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। शासन के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप प्रस्ताव रखकर उन्हें स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।महापौर ने कहा कि पुरूर से सोरम, खिड़कीटोला होते हुए गंगरेल तक जाने वाला मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। पुल-पुलिया निर्माण से बरसात के दौरान आवागमन में आने वाली दिक्कतों को कम करने की दिशा में भी काम होगा।उन्होंने कहा कि धमतरी को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने का काम प्राथमिकता से किया जा रहा है। शहर ही नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।गंगरेल धमतरी जिले का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। ऐसे में पुरूर-सोरम-खिड़कीटोला मार्ग के बेहतर होने से गंगरेल क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। महापौर ने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय विकास के लिए भी आधार तैयार करती हैं।महापौर रामू रोहरा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी विधानसभा में विकास का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। सड़क, पुल-पुलिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

 

Recent Posts