परेवाडीह में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, पंचायत भवन व टीन शेड का हुआ भूमिपूजन

महापौर रामू रोहरा ने कहा गांवों की मजबूत बुनियाद ही समृद्ध क्षेत्र की पहचान, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता धमतरी। ग्राम पंचायत परेवाडीह में शनिवार को विकास की नई सौगात के रूप में नवीन ग्राम पंचायत भवन एवं सार्वजनिक टीन शेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिक निगम धमतरी महापौर रामू रोहरा ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरूण सार्वा ने की। जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी भूमेश साहू एवं जनपद पंचायत धमतरी अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि गांवों का विकास ही पूरे क्षेत्र की समृद्धि की मजबूत नींव है। ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। नया पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए पंचायत संबंधी कार्यों का बेहतर केंद्र बनेगा, वहीं सार्वजनिक टीन शेड सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा।उन्होंने कहा कि विकास का पहिया गांवों तक तेजी से पहुंचे और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं का लाभ मिले, इसी सोच के साथ काम किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जाएगी।भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए क्षेत्र में इसी तरह विकास की गति बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।कार्यक्रम में जनपद सदस्य योगेश मारकंडे, सरपंच नारद साहू, भाजपा रावां मंडल अध्यक्ष अमन राव, सांसद प्रतिनिधि उमेश साहू, मंडल महामंत्री राकेश सिन्हा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दमयंती केशव साहू, पूर्व सरपंच टिलेश्वरी देवेन्द्र साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष बालमुकुंद साहू, उपसरपंच चंपालाल साहू, पंचायत सचिव नेहा गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Recent Posts