धमतरी। जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो रातों में कुल 6 हाइवा वाहनों को जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 और 8 सितंबर की रात संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 8 सितंबर की रात 4 हाइवा वाहनों को अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वहीं 7 सितंबर की रात लगभग 2 बजे राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 हाइवा वाहनों को जब्त किया था।जिला प्रशासन द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन को गंभीरता से लेते हुए निगरानी और जांच की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ राजस्व क्षति को रोकना और खनिज परिवहन में वैधानिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है।






