
बालोद :- जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर 27 अगस्त 2026 को ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन जिला बालोद द्वारा रक्तदान शिविर, नेत्र जांच एवं मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में मुस्लिम समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान लगभग 50 यूनिट रक्तदान किया गया, वहीं 200 से अधिक लोगों की नेत्र जांच, शुगर, बीपी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई।

फाउंडेशन द्वारा जामा मस्जिद ग्राउंड में आम लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर दुर्ग संभाग अध्यक्ष हाज़ी ज़ाहिद अहमद खान ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी हमें इंसानियत, भाईचारे, प्रेम और जरूरतमंदों की मदद का संदेश देती है। रक्तदान किसी एक व्यक्ति या समाज के लिए नहीं, बल्कि मानवता की सेवा है। हमारा प्रयास है कि सामाजिक और स्वास्थ्य सेवा के ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को लाभ मिले और आपसी सद्भाव मजबूत हो।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के प्रदेश कार्य समिति सदस्य आदिल सिद्दीकी, दुर्ग संभाग अध्यक्ष हाज़ी ज़ाहिद अहमद खान, दुर्ग संभाग सचिव रहीम मोहम्मद, संरक्षक इस्माईल खान, अरमान अंसारी, जमील बक्श, जिला अध्यक्ष अजहर कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष बसीर खान, जिला सचिव हसनात सिद्दीकी, सहसचिव अयूब अहमद रिजवान कुरैशी, कोषाध्यक्ष आवेश मेमन, कार्यक्रम संयोजक इरशाद खान, मुख्य कार्यकारिणी सदस्य अकबर खान, जमीर खान एवं सैजल खान सहित इंतजामिया कमेटी बालोद के सदर शहीद अहमद खान मौजूद रहे। शिविर में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।






