“आजादी के जश्न में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश”

स्वतंत्रता दिवस पर बालोद में ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ

बालोद :– 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम, बालोद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता संदेश दिया गया।
शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव एवं कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने साइबर जागरूकता की सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। साथ ही स्टेडियम में मौजूद करीब 1000 लोगों सहित प्रदेशवासियों से भी साइबर जागरूकता की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
सात सप्ताह चलेगा साइबर जागृति अभियान
बालोद पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सुरक्षा, बैंकिंग एवं UPI फ्रॉड, वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट व फर्जी कॉल से बचाव, महिलाओं के लिए स्मार्टफोन प्राइवेसी, जॉब फ्रॉड व फिशिंग, डेटा प्राइवेसी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।


अभियान के अंतिम सप्ताह में ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। पुलिस टीमों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर व QR Code के माध्यम से भी जागरूकता फैलाई जाएगी।
2 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा। बालोद पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है।

Recent Posts