विकास के साथ स्वच्छता पर भी फोकस, 2.55 करोड़ की आधुनिक मशीनों से होगा कचरा निष्पादन मच्छरों की रोकथाम के लिए 10 नई फॉगिंग मशीनें खरीदी जाएंगी : महापौर रामू रोहरा

धमतरी। नगर निगम धमतरी विकास कार्यों के साथ-साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से निगम द्वारा 2.55 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मशीनों की खरीदी की जाएगी। इन मशीनों के माध्यम से कचरा निष्पादन एवं सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और उससे होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम द्वारा 10 नई फॉगिंग मशीनें भी खरीदी जाएंगी। इससे विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग कर मच्छरों के लार्वा एवं प्रकोप को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। विशेषकर बारिश के मौसम में जलभराव वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में फॉगिंग अभियान को तेज किया जा सकेगा।महापौर रामू रोहरा ने बताया कि नगर निगम की प्राथमिकता केवल सड़क, नाली, पानी और अन्य विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी निगम की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सफाई व्यवस्था में आधुनिक तकनीक और मशीनरी का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों की उपलब्धता से सफाई कर्मचारियों को भी बेहतर संसाधन मिलेंगे और कम समय में अधिक प्रभावी ढंग से सफाई कार्य किया जा सकेगा। साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। नगर निगम का प्रयास है कि धमतरी शहर विकास के साथ स्वच्छता के मामले में भी एक बेहतर और आदर्श शहर के रूप में आगे बढ़े। महापौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपमुख्यमंत्री अरूण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Recent Posts