मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले उमेश साहू, गोकुलपुर–पुरूर मार्ग चौड़ीकरण एवं बोरिदखुर्द के

दो महत्वपूर्ण पुल-नालों की स्वीकृति का रखा प्रस्ताव धमतरी। भाजपा नेता एवं जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू ने छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर धमतरी जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।उमेश साहू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गोकुलपुर से पुरूर तक का मार्ग पर्यटन, धार्मिक एवं यातायात की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु, पर्यटक एवं ग्रामीण आवागमन करते हैं, किंतु सड़क संकरी होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने इस सड़क का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कराए जाने की मांग की, जिससे क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और ग्रामीण विकास को नई गति मिल सके।इसके साथ ही उन्होंने सोरम एवं बोरिदखुर्द के बीच स्थित नाले पर स्थायी पुल/उच्च स्तरीय निर्माण कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष बारिश के दिनों में यह नाला उफान पर होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे अनेक गांवों का संपर्क टूट जाता है तथा विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उमेश साहू ने मुख्यमंत्री का ध्यान ग्राम बोरिदखुर्द के बीच स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने जर्जर नाले की ओर भी आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि यह पुराना ढांचा अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। इसलिए इसके स्थान पर नए एवं मजबूत निर्माण की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाना अत्यंत आवश्यक है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उमेश साहू द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उमेश साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित एवं विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Recent Posts