अघोर महोत्सव में पहुंचे सतगुरु साईँ लाल दास साहेब, रूद्रानंद प्रचंडवेग जी के साथ हुई आध्यात्मिक चर्चा

रायपुर। श्रीधाम सुमेरु मठ औघड़ नाथ दरबार में आयोजित अघोर महोत्सव के अंतर्गत चल रहे भव्य श्री यज्ञ अनुष्ठान में बुधवार को बिलासपुर के चकरभाठा स्थित श्री सिंधु अमर धाम आश्रम (झूलेलाल धाम) के पीठाधीश सतगुरु साईँ लाल दास साहेब शामिल होने पहुंचे। उन्होंने यज्ञ अनुष्ठान में सहभागिता करते हुए दर्शन लाभ प्राप्त किया तथा आयोजन की सराहना की। इस दौरान श्रीधाम सुमेरु मठ औघड़ नाथ दरबार के पीठाधीश रूद्रानंद प्रचंड वेग जी ने सतगुरु साईँ लाल दास साहेब का आत्मीय स्वागत किया। दोनों संतों ने एक-दूसरे को सम्मानस्वरूप शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम के अवसर पर दोनों संतों के बीच धर्म, अध्यात्म, समाज कल्याण तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।अघोर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित श्री यज्ञ अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। आयोजन स्थल पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है, जिससे भक्तजन लाभान्वित हो रहे हैं। सुमेरु मठ औघड़ नाथ दरबार में आज श्री यज्ञ अनुष्ठान में 1000 से अधिक श्रद्धालु भक्तजन सम्मिलित हुए। सभी ने बारी-बारी से इस अवसर पर यज्ञ अनुष्ठान का लाभ लिया। आज प्रातः काल में पारद शिवलिंग रसेश्वर महादेव का भव्य अघोराभिषेक किया गया। सम्मिलित होने वाले सभी भक्तों को अभिषेक का सुअवसर प्राप्त होता है।

Recent Posts