
धमतरी/ सु-शासन तिहार के अंतिम दिवस पर बनियापारा एवं मोटर स्टैंड वार्ड में आयोजित समाधान शिविर में महापौर रामू रोहरा ने पहुंचकर शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए

महापौर ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि सु-शासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम जनता तक सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।इस दौरान शिविर में उपस्थित बच्चों को पोषण आहार का वितरण भी किया गया। महापौर रामू रोहरा ने बच्चों को पौष्टिक आहार ग्रहण करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। शासन द्वारा बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य पिंटू यादव, पार्षद राकेश चंदवानी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई भी की गई। सु-शासन तिहार का यह शिविर जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।






