
राष्ट्रपति के हाथों ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित हुए बालोद के वीर सपूत भोजराम साहू

बालोद,:–जिले के डौंडी विकासखंड के ग्राम ढोर्रीठेमा निवासी तथा असम राइफल्स के जवान भोजराम साहू को उनकी अदम्य वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए देश के प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में 08 जून को आयोजित गरिमामय समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने वीर जवान भोजराम साहू को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके साहस और कर्तव्यपरायणता ने न केवल बालोद जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि श्री साहू युवाओं के लिए देशभक्ति, समर्पण और साहस की प्रेरणादायक मिसाल हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में मणिपुर के टेंगनौपाल क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान श्री भोजराम साहू ने असाधारण वीरता का परिचय दिया था। घात लगाकर किए गए आतंकी हमले के बीच उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मोर्चा संभाला और बेहद नजदीक से जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में गोली लगने के बावजूद वे पीछे नहीं हटे और अभियान की सफलता में निर्णायक भूमिका निभाई।
बालोद जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रपति भवन में शौर्य चक्र प्राप्त करने वाले भोजराम साहू की इस उपलब्धि से पूरे जिले और प्रदेश में हर्ष का वातावरण है। उनकी बहादुरी और समर्पण देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं।






