विश्व पर्यावरण दिवस पर अपशिष्ट पृथक्करण पर विशेष बैठक आयोजित

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी में शुक्रवार 05 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर निगम सामान्य सभा की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में A Global Call for Climate Action विषय के अंतर्गत अपशिष्ट पृथक्करण (4-Stream) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में बताया गया कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी सह मिशन डायरेक्टर (SBM-U 2.0) राज्य शहरी विकास अभिकरण, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी निर्देशों के तहत 05 जून से 12 जून 2026 तक राज्यव्यापी विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण और जनजागरूकता को बढ़ावा देना है। बैठक में जानकारी दी गई कि भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 लागू किए गए हैं। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अनुसार नगरीय निकायों में इन नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत महापौर, सभापति एवं पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लीड फैसिलिटेटर्स के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।बैठक में 06 जून 2026 को एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं और प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा। वहीं 07 जून से 12 जून 2026 तक शहर में घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिकों को सूखा, गीला, घरेलू खतरनाक एवं सैनिटरी अपशिष्ट के पृथक्करण की जानकारी दी जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन एवं स्वास्थ्य सभापति निलेश लूनिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और कचरे के पृथक्करण को अपनी दैनिक आदत बनाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर निर्माण में सहयोग करें।

Recent Posts