स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लुनिया ने सभी वार्ड वासियों जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सामाजिक संस्थाओं एवं शहरवासियों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।धमतरी/ नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शहरभर में विशेष स्वच्छता एवं नाला सफाई अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रमुख नालों की व्यापक सफाई कराई जा रही है।वर्तमान में सोरिद नाला, पीडी नाला एवं बाकरे नाला की सफाई का कार्य मुजगहन क्षेत्र तक निरंतर जारी है। इन नालों से बड़ी मात्रा में गाद, मिट्टी एवं अन्य अवरोधक सामग्री निकालकर जल प्रवाह को सुगम बनाया जा रहा है। निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रमुख नालों की सफाई पूर्ण कर ली जाए, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष निलेश लुनिया ने बताया कि पिछले एक माह के दौरान शहर के 40 वार्डों से नालियों एवं नालों की सफाई कर 60 ट्रिप से अधिक मलबा निकाला जा चुका है। आगामी 15 दिनों में बरसात पूर्व 30 से 40 ट्रिप अतिरिक्त मलबा निकाले जाने का अनुमान है, जिससे पानी के निर्बाध बहाव को सुनिश्चित किया जा सकेगा।उन्होंने बताया कि सुंदर पान ठेला से मेहताब सिंह गैरेज तक, सिहावा चौक से रिलायंस पेट्रोल पंप तक तथा अंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट मोड़ तक स्थित प्रमुख नालियों की सफाई भी प्राथमिकता के साथ की जा रही है और इसे शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।इस विशेष अभियान में एक चैन माउंटेड मशीन दो जेसीबी चार ट्रिपर दो ट्रैक्टर 16 छोटा हाथी वाहन सहित सफाई विभाग की पूरी टीम कार्यरत है।स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लुनिया ने सभी वार्डवासियों जनप्रतिनिधियों पार्षदों सामाजिक संस्थाओं एवं शहरवासियों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ धमतरी के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही निगम द्वारा सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य भी नियमित रूप से किया जा रहा है ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।






