धमतरी पुलिस की आपातकालीन सेवा हुई और मजबूत – एसपी सूरज सिंह परिहार की मौजूदगी में डायल-112 एवं ईआरवी टीम को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

कल औपचारिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों का विधिवत उद्घाटन – अब जिले के 12 थाना क्षेत्रों में मिलेगा त्वरित सहायता त्वरित रिस्पांस, संवेदनशील व्यवहार एवं बेहतर समन्वय पर जोर – एसपी धमतरी ने डायल-112 एवं ईआरवी टीम को दिए सख्त एवं प्रभावी दिशा-निर्देश पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में पुलिस लाईन धमतरी स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में डायल-112 एवं ईआरवी (Emergency Response Vehicle) में पदस्थ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वाहन चालकों की विशेष एवं व्यापक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक त्वरित, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाना था। कार्यशाला में जिले को प्राप्त कुल 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन, रिस्पांस सिस्टम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही, घटनास्थल तक शीघ्र पहुंच, तकनीकी समन्वय एवं आमजन से संवेदनशील व्यवहार के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।  जिले के 12 थाना क्षेत्रों में ये ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में नागरिकों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। छत्तीसगढ़ शासन की यह महत्वाकांक्षी डायल-112 ईआरवी योजना आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें शहर क्षेत्रों में मात्र 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इस अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा के माध्यम से दुर्घटना, अपराध एवं अन्य आपात परिस्थितियों में पीड़ितों तक शीघ्र पहुंचकर तत्काल राहत एवं सुरक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त इन अत्याधुनिक डायल-112 ईआरवी वाहनों को देश के माननीय केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। इन वाहनों के जिले में शामिल होने से धमतरी पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक मजबूत एवं प्रभावी हुई है, जिससे आमजन को समयबद्ध एवं भरोसेमंद पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।कल इन सभी डायल-112 एवं ईआरवी वाहनों को विधिवत हरी झंडी दिखाकर उनके निर्धारित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया जाएगा, जहां वे 24 घंटे सक्रिय रहकर आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगे। इस अवसर पर संबंधित थाना क्षेत्रों के अधिकारी-कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा गया कि डायल-112 एवं ईआरवी सेवा आम जनता की सुरक्षा, विश्वास एवं त्वरित राहत का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक कॉल एवं सूचना को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ लेते हुए न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।कार्यशाला में डायल-112 एवं ईआरवी कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में संयमित व्यवहार, प्रभावी संवाद शैली, टीमवर्क, आधुनिक तकनीकी उपकरणों के बेहतर उपयोग, वायरलेस समन्वय, रिस्पांस टाइम को कम करने एवं कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों में त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सतर्क ड्राइविंग, आपातकालीन मार्ग संचालन, वाहन रखरखाव एवं जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निर्वहन के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी कुरुद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक धमतरी दीपक शर्मा, डायल-112 प्रभारी निरीक्षक गायत्री सिन्हा, कंट्रोल रूम प्रभारी बिरेश तिवारी, एमटीओ सुल्तान हुसैन सहित डायल-112 एवं ईआरवी के समस्त पुलिस अधिकारी कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे।धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक आधारित त्वरित पुलिसिंग व्यवस्था को सशक्त बनाने एवं आम नागरिकों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं समयबद्ध पुलिस सहायता उपलब्ध कराने हेतु लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले में कानून व्यवस्था और जनविश्वास दोनों और अधिक मजबूत हो सकें।

Recent Posts