अवैध लकड़ी तस्करी पर संगठनों का हल्लाबोल, मौके पर मिला भारी भंडारण

बालोद। डौण्डीलोहारा ब्लॉक में लंबे समय से जारी अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ छत्तीसगढ़ीया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया है। संगठनों को लगातार ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों से शिकायत मिल रही थी कि जंगलों से अवैध रूप से लकड़ी काटकर खुलेआम परिवहन किया जा रहा है, जबकि संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
शिकायतों के आधार पर पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रजातियों की कटी हुई लकड़ी का अवैध भंडारण पाया गया। साथ ही लकड़ी परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन और उपकरण भी मौके पर मिले। प्रारंभिक जांच में यह गतिविधि संगठित तरीके से संचालित होने की बात सामने आई है।

निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी मिली कि तस्करी का मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया, जबकि अन्य लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।

महिलाओं का किया जा रहा दुरुपयोग
कार्रवाई के दौरान एक गंभीर पहलू सामने आया कि लकड़ी की लोडिंग महिलाओं से कराई जा रही थी, ताकि कार्रवाई के समय उन्हें आगे कर प्रशासनिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके। संगठनों ने इसे महिलाओं के शोषण का गंभीर मामला बताया है।
विभागीय भूमिका पर उठे सवाल
इतनी बड़ी मात्रा में अवैध कटाई और भंडारण सामने आने के बाद वन एवं राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

मौके पर ये रहे मौजूद
इस कार्रवाई में जिला अध्यक्ष खोमन साहू, आईटी सेल प्रभारी इमेश, जितेंद्र साहू, गंगा निषाद, दानी साहू, खंड अध्यक्ष उत्तम यादव, दीपक सहारे, हरिशंकर साहू, ईश्वर सोनी, डी. देशमुख सहित अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
संगठन की प्रमुख मांगें
संगठनों ने अवैध तस्करी में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, फरार सरगना की जल्द पकड़, जब्त सामग्री की कानूनी जांच, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच, सख्त निगरानी व्यवस्था और महिलाओं के दुरुपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






