सिन्हा समाज नवीन भवन का भूमिपूजन, महापौर रामू रोहरा ने दी विकास की नई सौगात

धमतरी/ नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा द्वारा सिन्हा समाज के नवीन भवन का विधिवत भूमिपूजन किया गया। लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि समाज के उत्थान और एकजुटता के लिए ऐसे सामुदायिक भवनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक संरचना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, परंपरा और आपसी भाईचारे का प्रतीक बनेगा। आने वाले समय में यहां विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम, बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन एवं युवाओं के मार्गदर्शन से जुड़े कार्य संपन्न होंगे, जिससे समाज को एक नई दिशा मिलेगी। महापौर ने आगे कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी समाजों के विकास और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस भवन का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराया जाएगा। रोहरा ने सिन्हा समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि समाज की सक्रियता और सहयोग से ही ऐसे कार्य संभव हो पाते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नगर निगम धमतरी शहर के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है, जिसमें आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष कुमार सिन्हा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में कौशिल्या देवांगन, विजय मोटवानी, पूर्णिमा देवांगन,संतोष सोनकर, आशा लोधी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

Recent Posts